भोपाल में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 1,000 लीटर लहान जब्त; अवैध शराब परिवहन करते एक आरोपी पकड़ा
भोपाल | 28 अक्टूबर 2026 शांतिनगर में हाथभट्टी शराब बनाने की सामग्री बरामद, शाहजहानाबाद में एक्टिवा से ले जाए जा रहे देशी शराब के 52 पाव जब्त भोपाल। जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की। विभाग की टीमों ने 1,000 लीटर लहान, हाथभट्टी शराब और देशी शराब के 52 पाव जब्त किए। इस दौरान एक व्यक्ति के खिलाफ अवैध शराब परिवहन का प्रकरण दर्ज किया गया। आबकारी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 अक्टूबर को कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के आदेश तथा आबकारी अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। शांतिनगर में 1,000 लीटर लहान बरामद आबकारी उपनिरीक्षक स्वाति बघेल की टीम ने बगोनिया निवासी राहुल अहिरवार के पास से 600 मिलीलीटर हाथभट्टी शराब बरामद की। वहीं, गांधीनगर क्षेत्र के शांतिनगर में 1,000 लीटर लहान जब्त किया गया। इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(फ) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। शाहजहानाबाद में 52 पाव देशी शराब जब्त विभाग की दूसरी टीम ने शाहजहानाबाद क्षेत्र में संजय बाथम को होंडा एक्टिवा क्रमांक MP 04 SR 1496 से देशी शराब के 52 पाव ले जाते हुए पकड़ा। शराब और वाहन जब्त कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। बागमुगलिया में भी कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी संदीप द्विवेदी की टीम ने बागमुगलिया क्षेत्र में शराब दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब पीने और पिलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की। संबंधित मामलों में धारा 36(ए)/36(बी) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए। विभाग ने दुकानों के आसपास अवैध रूप से शराब पिलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। अभियान जारी रखने के निर्देश आबकारी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन, बिक्री और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध मदिरापान पर रोक लगाने के लिए जिलेभर में गश्त, निगरानी और दबिश की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अभियान में जिले के सहायक जिला आबकारी अधिकारी, उपनिरीक्षक और कार्यपालिक बल के सदस्य शामिल रहे। सच्चे दिन | SD NEWS जनहित की खबर, निष्पक्ष पत्रकारिता।