भोपाल में ‘न्यायधारा मध्यस्थता केंद्र’ का शुभारंभ आज
कानूनी सहायता, सामुदायिक मध्यस्थता और निःशुल्क चिकित्सा शिविर की मिलेगी सुविधा भोपाल। शहर के कमला पार्क स्थित मस्जिद फ़ैज़ बहादुर की पहली मंज़िल पर ‘न्यायधारा मध्यस्थता केंद्र’ की स्थापना की गई है। इस केंद्र का उद्देश्य नागरिकों को कानूनी सहायता, परामर्श और विवादों के समाधान की प्रक्रिया में सहयोग उपलब्ध कराना है। संस्था के अनुसार, केंद्र के माध्यम से पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी विवाद और लेन-देन के मामलों में सामुदायिक मध्यस्थता की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा, झूठे मामलों में फँसे होने का दावा करने वाले नागरिकों तथा निर्दोष होने का दावा करने वाले जेल में बंद व्यक्तियों को भी कानूनी सहायता दिलाने में सहयोग किया जाएगा। केंद्र की ओर से राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी विशेषज्ञों की मदद से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि पात्र नागरिक योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया समझ सकें।संस्था का कहना है कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित सरकारी एजेंसियों, पुलिस प्रशासन और न्याय विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उद्घाटन के अवसर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविरन्यायधारा केंद्र के उद्घाटन अवसर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसमें नेत्र जांच, दंत चिकित्सा, सामान्य चिकित्सा, आयुर्वेदिक परामर्श और महिला रोग विशेषज्ञ की सेवाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई है। शहर क़ाज़ी करेंगे उद्घाटन केंद्र का उद्घाटन सुबह 11 बजे शहर क़ाज़ी मौलाना सैयद मुश्ताक़ अली नदवी द्वारा किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान चिकित्सा शिविर के साथ कानूनी सहायता और परामर्श भी उपलब्ध रहेगा। स्थान: मस्जिद फ़ैज़ बहादुर, कमला पार्क, भोपाल समय: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक